
धमतरी न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम रविवार को धमतरी जिले के ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित ग्राम मसान डबरा पहुंचे। यहाँ उन्होंने कमार जनजाति के लिए किए जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की।
कुमार जनजाति के लिए पक्के आवास और योजनाबद्ध विकास की सराहना
मंत्री नेताम ने कमार जनजाति परिवारों के लिए बन रहे सर्वसुविधायुक्त पक्के आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि,
“देशभर में आदिवासी कल्याण के क्षेत्र में ऐसा अनुकरणीय कार्य दुर्लभ है, जैसा मसान डबरा में किया जा रहा है।”
उन्होंने अरुण सार्वा की सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को “असाधारण” बताते हुए कहा कि यह परियोजना देश भर के लिए आदर्श मॉडल बन सकती है।
मखाना की खेती और आजीविका नवाचार की भी तारीफ
श्री नेताम ने मखाना की खेती को लेकर चल रहे नवाचार को आयवर्धन का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि विविध फसलों की खेती न केवल ग्रामीणों की आय बढ़ाएगी, बल्कि कमार समाज को स्थायी आजीविका भी प्रदान करेगी।
राज्य स्तर की परियोजना रिपोर्ट बनाने का निर्देश
कृषि मंत्री ने अरुण सार्वा से कहा कि वे कमार जनजाति के आवास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की एक समेकित परियोजना रिपोर्ट बनाकर राज्य सरकार को भेजें, जिससे राशि की त्वरित स्वीकृति देकर कार्यों को और गति दी जा सके।
“अरुण सार्वा जैसे जनप्रतिनिधि हर जिले में हों”
कार्यक्रम के समापन पर मंत्री नेताम ने कहा,
“अगर प्रत्येक जिले में अरुण सार्वा जैसे जनप्रतिनिधि हों, तो छत्तीसगढ़ जल्द ही जनजातीय कल्याण का मॉडल राज्य बन सकता है।”
मुख्य बिंदु:
- मसान डबरा में कमार जनजाति के लिए पक्के आवास निर्माण का निरीक्षण
- मखाना की खेती को लेकर नवाचार की प्रशंसा
- समेकित प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजने का निर्देश
- अरुण सार्वा के कार्यों को राज्य और देश के लिए आदर्श बताया
