
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी के मैनपाट में चल रहे प्रशिक्षण शिविर को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ने और पिकनिक मनाने का आरोप लगाया।
बैज ने कहा,
“राज्य का किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहा है, धान सड़ रहा है, लेकिन भाजपा के मंत्री-विधायक मैनपाट में नाच-गाने और मौज-मस्ती में व्यस्त हैं।“
धान सड़ रहा, भाजपा जश्न में मशगूल: बैज
दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर किसानों के प्रति गंभीरता न बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले साल का 30 लाख मीट्रिक टन धान बारिश में भीग गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार वाकई किसानों के प्रति संवेदनशील होती, तो ऐसी हालत नहीं होती।
“भाजपा सरकार चाहती ही नहीं कि धान खरीदी हो और किसानों को समय पर भुगतान मिले।“
अमित शाह के दौरे पर भी साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मैनपाट दौरा रद्द होने को लेकर भी बैज ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि
“शायद राज्यपाल ने खुद उन्हें प्रदेश की वास्तविक स्थिति बता दी होगी, इसलिए अमित शाह ने भाजपा की ‘पिकनिक’ में शामिल न होने का फैसला किया।“
शिक्षा व्यवस्था पर चिंता
श्री बैज ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि युक्तियुक्तकरण के नाम पर एक-एक शिक्षक को पांच-पांच कक्षाएं पढ़ाने की मजबूरी हो गई है।
“जब मुख्यमंत्री के अधीन शिक्षा विभाग की ये हालत है, तो बाकी विभागों का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।“
तीन महीने में संगठनात्मक नियुक्तियों का दावा
कांग्रेस संगठन को लेकर बैज ने कहा कि पार्टी तीन महीने में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक नियुक्तियाँ पूरी कर लेगी। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी को समय और समर्पण दे रहे हैं, उन्हें पूरी तरजीह दी जाएगी।
बृजमोहन अग्रवाल पर पलटवार
बीजेपी सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा दिए गए बयान कि मंत्री और विधायक “अस्त्र-शस्त्र” से लैस होकर लौटेंगे, पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा:
“भाजपा ने बृजमोहन अग्रवाल का ही अस्त्र-शस्त्र छीन लिया है। मल्लिकार्जुन खड़गे की ऐतिहासिक सभा से भाजपा बौखला गई है।“
राजनीति गरमाई, दोनों दल आमने-सामने
बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर पर कांग्रेस के तीखे हमलों के बाद प्रदेश की राजनीति और गर्म होती दिख रही है। देखना होगा कि भाजपा इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है और विपक्ष की इन बातों को किस तरह जवाब देती है।


