
रायपुर न्यूज़ धमाका – छत्तीसगढ़ में चरण पादुका योजना को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस योजना को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि इस योजना को कमीशनखोरी का जरिया बनाकर दोबारा लागू किया जा रहा है।
बैज का तीखा हमला
दीपक बैज ने बयान दिया, “चरण पादुका योजना पहले भी कमीशन का खेल बनकर रह गई थी। कांग्रेस सरकार ने नगद पैसा देने का विकल्प चुना था, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। भाजपा सरकार एक बार फिर इस योजना को लागू कर कमीशनखोरी की तैयारी में है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा शासन में हितग्राहियों को घटिया गुणवत्ता के जूते—’दो नंबर’ के—दिए गए थे।
खाद-बीज की कमी पर भी साधा निशाना
दीपक बैज ने प्रदेश में खाद और बीज की कमी को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 से 30 जून के बीच सभी जिलों में कांग्रेस खाद-बीज की कमी के विरोध में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का किसान आज संकट में है और भाजपा सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
पोस्टर पॉलिटिक्स पर पलटवार
हाल ही में भाजपा द्वारा कांग्रेस पर जारी किए गए पोस्टरों पर भी बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “भाजपा शासन में ठगी, दुष्कर्म, रेत माफिया की खुलेआम डकैती और परिवहन विभाग में रंगदारी जैसे अपराध हो रहे हैं। भाजपा को कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर जारी करने से पहले शर्म आनी चाहिए।”
चरण पादुका योजना को बताया मोदी की गारंटी
वहीं, राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने योजना को प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा कर रही है और यह योजना वनांचल क्षेत्रों के गरीब आदिवासियों को राहत देने का काम करेगी। साव ने कहा, “बीजेपी जो कहती है, वह करती है।”



