
सक्ती न्यूज धमाका – बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरपारा में एक विवाहित महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। 10 वर्षों से चले आ रहे प्रेम संबंध में महज 5,000 रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद प्रेमी ने महिला की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
हत्या की सनसनीखेज वारदात
घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है, जब दुवासबाई केंवट (38) का शव गांव के ही एक खंडहरनुमा मकान में मिला। शव पर सिर और शरीर में गंभीर चोट के निशान थे। मृतका के पति रामकुमार ने बताया कि वह सुबह काम के सिलसिले में लुना से आश्रम गया था और शाम को लौटने पर पत्नी घर पर नहीं मिली। खोजबीन के दौरान वह अपने बेटे के साथ खंडहर में पहुंचा, जहां उसकी पत्नी मृत मिली।
प्रेम संबंध की कहानी आई सामने
जांच के दौरान पता चला कि मृतका का उसके ही पड़ोसी रामुकुमार केंवट उर्फ कर्रीहा (48) से पिछले 10 वर्षों से प्रेम संबंध था। मृतका के पति के लद्दाख में मजदूरी करने जाने के दौरान यह संबंध गहराया। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
₹5,000 को लेकर हुआ विवाद, फिर हत्या
आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 3 बजे दुवासबाई उसके घर आई और इशारे से पास के खंडहर में बुलाया। वहां महिला ने आरोपी से ₹5,000 की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर दुवासबाई ने उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे आक्रोशित होकर आरोपी ने पास रखी मोटी लकड़ी से महिला के सिर पर तीन बार वार किया और हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंबल से ढंककर वह फरार हो गया।
सबूतों के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के घर से खून से सने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी बरामद की है। एफएसएल जांच में खून के धब्बों की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की सक्रिय भूमिका
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी लखनलाल पटेल के नेतृत्व में एएसआई यशवंत राठौर, प्रधान आरक्षक राजेश पैकरा, अरुण कौशिक, योगेश राठौर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
