
धमतरी न्यूज धमाका – जिले के ग्राम गट्टासिल्ली में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां ग्राम पंचायत आमदी के सचिव को शराब के नशे में कार्यक्रम में शामिल होने पर तत्काल निलंबित कर दिया गया।
सरपंच ने खोली पोल: “रोज शराब पीकर आता है”
समाधान शिविर के दौरान महिला सरपंच ने सार्वजनिक रूप से सचिव के व्यवहार की शिकायत करते हुए कहा कि वह नियमित रूप से शराब के नशे में पंचायत कार्यालय आता है, जिससे पंचायत कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है। सरपंच की इस खुली शिकायत से कार्यक्रम में हड़कंप मच गया।
सांसद ने दिए तत्काल सस्पेंशन के निर्देश
शिविर में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग स्वयं उपस्थित थे। जैसे ही सचिव के नशे में होने की पुष्टि हुई, सांसद ने मौके पर ही सस्पेंड करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पहले मिला था नोटिस, जवाब रहा असंतोषजनक
सूत्रों के अनुसार, सचिव को पहले भी कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर नोटिस जारी किया गया था। जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर यह कड़ी कार्रवाई की गई।
कार्यक्रम में उच्च स्तरीय उपस्थिति
इस समाधान शिविर में सांसद भोजराज नाग के अलावा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जनपद सभापति अजय फत्ते लाल ध्रुव, जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगरी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।



