
रायपुर न्यूज धमाका – भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि पाकिस्तान की ओर से साइबर अटैक की आशंका को देखते हुए जल्द दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य की संस्थाएं किसी भी प्रकार के साइबर हमले से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ड्रोन हमलों का जवाब भारत की ताकत
गृहमंत्री विजय शर्मा ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान ड्रोन के जरिए हमले करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भारतीय सेना ने हवा में ही मिसाइल और ड्रोन को नष्ट कर दिया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “पाकिस्तान को समझना चाहिए, नहीं तो अंतिम निर्णय लिया जाएगा।”
राज्य स्तर पर सख्त तैयारियाँ
गृहमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को लेकर भी सतर्क है और आज ही कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के सभी निर्देशों का पालन कर रही है और इस राष्ट्रीय मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
साइबर हमलों की आशंका को लेकर विशेष सतर्कता
गृह विभाग की ओर से आज संभावित साइबर खतरों के खिलाफ सुरक्षा प्रोटोकॉल और गाइडलाइन जारी की जा सकती है।
गृहमंत्री ने कहा, “अगर पाकिस्तान की ओर से सरकारी संस्थानों को निशाना बनाया गया, तो हमारी टीमें पहले से ही तैयार हैं। हम हर स्तर पर मुस्तैद हैं।”
