
बिलासपुर,न्यूज़ धमाका :-श्रीमद भागवत कथा पर सभी का अधिकार है। उक्त बातें ग्राम तेली खाम्ही,लोरमी में आयोजित श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ कथा में व्यासपीठ से राजपुरोहित पं. दिनेशचंद्र तिवारी ने कही।
उन्होंने कथा में बताया कि भागवत एक पवित्र नदी के समान है जिस तरह नदी पर किसी एक का अधिकार नहीं होता है बल्कि सब उसके अधिकारी हैं उसी तरह भागवत कथा श्रवण के भी सभी अधिकारी है। जब भागवत कथा श्रवण से प्रेत की भी मुक्ति हो जाती है तो देहधारी मनुष्य उसके श्रवण से क्या नहीं पा सकता।
श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण से मनुष्य समस्त अभिलषित पदार्थ भी पा सकता है । कथा प्रवाह में उन्होंने बताया की वैसे तो परमात्मा की प्राप्ति के अनेक साधन माध्यम हैं पर उन सब में भी उनकी प्राप्ति का सरलतम साधन है, भगवान की भजन कीर्तन उनके नाम का आश्रय ही है। उन्होंने श्रीरामचरित मानस की चौपाइयों के माध्यम से भी बताया कि कलियुग केवल हरिगुन गाहा , गावहिं नर पावहिं भव थाहा।
