छतीसगढ़बालोद

छत्तीसगढ़: वन कर्मियों पर हमले के मामले में 6 ग्रामीण गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी

बालोद न्यूज धमाका – जिले के डौंडी परिक्षेत्र के ग्राम पेवारी में वन विभाग की टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने छह ग्रामीणों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में डिप्टी रेंजर समेत चार वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

घटना उस समय हुई जब वन विभाग की टीम शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत परकुलेशन टैंक के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने ग्राम पेवारी पहुंची थी। यह टैंक जल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से वन भूमि पर बनाया जा रहा है। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध करते हुए डिप्टी रेंजर, वनपाल और दो फॉरेस्ट गार्ड पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने वनकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और कुछ देर के लिए बंधक भी बना लिया।

बालोद एसपी योगेश पटेल ने बताया कि हमले में डिप्टी रेंजर समेत चार वनकर्मी घायल हुए, जिनका उपचार डौंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डौंडी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों – सोमनाथ, बेदूराम, अर्जुन, तुलसीराम, तुलाराम और भोलाराम – को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि जिस वन भूमि पर परकुलेशन टैंक का निर्माण हो रहा है, उस पर ग्रामीणों ने कब्जा कर रखा था और वे चाहते थे कि भविष्य में उन्हें इसका पट्टा मिले। उन्हें आशंका थी कि अगर सरकारी निर्माण पूरा हो गया तो उनका दावा कमजोर हो जाएगा। इसी वजह से उन्होंने निर्माण कार्य में बाधा डालते हुए हिंसक हमला कर दिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने थाने में पहुंचकर घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!