
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रायपुर–बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर सारागांव के पास हुआ, जब छट्ठी से लौट रहे लोगों से भरी एक स्वराज माजदा ट्रेलर से जा टकराई।
हादसे में 6 माह की एक मासूम बच्ची सहित 10 महिलाएं, 2 बालिकाएं और 1 बालक शामिल हैं। वाहन में 40 से 50 लोग सवार थे, जो खचाखच भरी हुई थी। बताया जा रहा है कि माजदा की रफ्तार तेज थी और यह पहले एक अन्य वाहन से टकराई, फिर ट्रेलर से जा भिड़ी।
हादसे के दिल दहला देने वाले दृश्य
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई शवों के टुकड़े सड़क पर दूर तक बिखर गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया गया। शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कार्यक्रम से लौट रहे थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार ग्राम चटौद निवासी पुनीत साहू की बेटी के बेटे की छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रिश्तेदार स्वराज माजदा (CG 04 MQ 1259) में सवार होकर ग्राम बाना बनारसी (खरोरा थाना क्षेत्र) गए थे। वापसी के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
20 से अधिक घायल, हालत गंभीर
घायलों को अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद अंबेडकर अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन व जनप्रतिनिधि सक्रिय
देर रात खुद कलेक्टर गौरव सिंह, एसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह, विधायक अनुज शर्मा और खुशवंत साहेब अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर ने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देगा।
सवाल खड़े करती है घटना
यह हादसा फिर से सवाल उठाता है कि क्या सड़कों पर भारी वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है? क्या ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर रोक लगाने के लिए पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं?
