छतीसगढ़रायगढ़

05 जून 2026 // ऑपरेशन आघात : पुलिस ने पकड़ी 300 किलो गांजा की खेप, तीन तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था माल

 रायगढ़ न्यूज़ धमाका – नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले ले जाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।

दोहरी नंबर प्लेट वाली इनोवा ने बढ़ाया संदेह

कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच के दौरान इनोवा वाहन में दो नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के नंबर प्रदर्शित किए गए थे, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। पुलिस ने वाहनों में सवार निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक जानकारी देकर तलाशी ली। तलाशी में दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

300 किलो गांजा, दो लग्जरी कार और मोबाइल जब्त

पुलिस ने दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।

अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की जांच शुरू

आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश के लिए रायगढ़ पुलिस की विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)

निखिल कश्यप (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर

रिंकु कश्यप (28 वर्ष), निवासी चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा

जब्त सामग्री

  • लगभग 300 किलोग्राम गांजा
  • इनोवा क्रिस्टा कार
  • मारुति सुजुकी एक्सएल-6
  • 5 मोबाइल फोन (2 आईफोन सहित)

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!