

सुकमा न्यूज धमाका – जिले की बेटियों ने एक बार फिर सफलता की नई इबारत लिखी है। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजों में जिले की दो छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया।
छिंदगढ़ विकासखंड के छोटे से गांव गंजेनार की रहने वाली प्रियंका मुचाकी ने कक्षा 10वीं में राज्य स्तर पर छठवां स्थान प्राप्त किया है, जबकि फलक सारा अली ने कक्षा 12वीं में सुकमा जिले में पहला स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
कलेक्टर से हुई मुलाकात, मिली सराहना
शुक्रवार को दोनों छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव से मिलने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं। कलेक्टर ने उन्हें पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने प्रियंका से पूछा कि वह आगे क्या बनना चाहती हैं, जिस पर प्रियंका ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह कलेक्टर बनना चाहती हैं। उन्होंने गणित और विज्ञान में अपनी विशेष रुचि की बात भी साझा की।

परिवार की पृष्ठभूमि, पर हौसलों की उड़ान
प्रियंका के पिता जोगा राम एक रोजगार सहायक हैं और माता गंगी मुचाकी गृहिणी हैं। इस साधारण परिवार की बेटी ने कड़ी मेहनत से असाधारण उपलब्धि हासिल की है। वहीं, 12वीं की टॉपर फलक सारा अली के पिता फारुख अली एक समाजसेवी हैं।
कलेक्टर ने दोनों छात्राओं के परिजनों, शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।
अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मांडवी, जिला परियोजना समन्वयक आशीष राम और विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
