
सूरजपुर न्यूज़ धमाका – सूरजपुर स्थित भुवनेश्वरपुर गांव में देर रात भीषण आगजनी से लाखों का नुकसान हो गया। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टली।
सूरजपुर। – जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भुवनेश्वरपुर में शुक्रवार देर रात एक मकान, कपड़ा दुकान और टेंट हाउस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के भीतर तीन बच्चे फंस गए।
बच्चों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 के माध्यम से अग्निशमन दल तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ। घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि आग भवन के अंदर तेजी से फैल रही है। अग्निशमन कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए जोखिम उठाकर तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा लिया।
आगजनी से लाखों का नुकसान
इसके बाद अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोका। आगजनी की इस घटना में अजय कुशवाहा के मकान में रखी घरेलू सामग्री, कपड़ा दुकान का सामान तथा टेंट हाउस का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।
अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई
अग्निशमन दल की तत्परता और साहसपूर्ण कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। वहीं भीषण गर्मी के बीच जिले में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।



