
कांकेर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कांकेर में नशे की गिरफ्त में युवाओं का एक और हिंसक चेहरा सामने आया है। शहर के बीचों-बीच आपसी विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नशे में धुत युवकों के दो गुट भिड़े, चाकूबाजी में युवक की मौत
मामला सोमवार शाम का है। मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर डटे हुए थे। इस दौरान दो गुटों के बीच विवाद हुआ, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। तभी एक गुट के युवक ने शिव नामक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल शिव को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर फेंके गए डिस्पोजेबल कप और सिगरेट इस बात के गवाह हैं कि युवक नशे में थे।
वीडियो वायरल, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें युवक मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना शहर के व्यस्त इलाके में हुई, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
लोगों का आरोप है कि पुलिस की निगरानी कमजोर हो चुकी है और शहर नशे का अड्डा बनता जा रहा है, जहां असामाजिक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं।
युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में, नाबालिग भी शामिल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल सभी युवकों की उम्र 25 वर्ष से कम है, और एक नाबालिग भी इसमें शामिल है। यह साफ दर्शाता है कि युवा वर्ग तेजी से नशे और अपराध की ओर खिंचता जा रहा है।
पूर्व में भी नशेड़ियों के बीच मारपीट के वीडियो वायरल हुए थे। पिछले मामलों की अनदेखी ने शायद इस हिंसा को जन्म दिया।
शहरवासियों की मांग: पुलिस बढ़ाए गश्त, नशे के अड्डों पर हो कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस सक्रिय होती, तो एक जान बचाई जा सकती थी।
प्रशासन की अगली चुनौती
यह मामला न केवल एक हत्या का है, बल्कि शहर की गिरती सामाजिक संरचना, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और पुलिस की सुस्ती की ओर भी इशारा करता है। अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है?
