
बिलासपुर न्यूज धमाका – अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो तस्करों को 284 किलो अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार में कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में सफेद रंग की कार, दो एंड्रॉइड मोबाइल और एक आईफोन भी जब्त किया है।
गोपनीय सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
एएसपी राजेंद्र जायसवाल, एसीसीयू प्रभारी अनुज कुमार, और सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 18 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा एक वाहन से लाया जा रहा है। इस पर एसीसीयू और थाना तोरवा की संयुक्त टीम ने जगमल चौक के पास नाकेबंदी कर सफेद मारुति अर्टिगा (CG 04 OC 4577) को रोका।
गाड़ी भगाने की कोशिश, पुलिस ने धरदबोचा
पुलिस के अनुसार, वाहन रोकने पर चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी गजेंद्र गोस्वामी उर्फ बिट्टू (26), निवासी बगात देवधरा, थाना कोतवाली, मंडला (म.प्र.) और नयन कुमार (25), ग्राम मेहता, घनसौर, जिला सिवनी (म.प्र.) के रहने वाले हैं।
कपड़े में छिपाया गया था गांजा
तलाशी में गाड़ी की पिछली सीट के नीचे कपड़े से ढक कर रखे 284 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 284 किलो निकला। पुलिस ने बताया कि गांजा ब्राउन टेप से अच्छी तरह लपेटा गया था ताकि शक न हो। बरामद माल की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये है।
तस्करी में इस्तेमाल मोबाइल और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से:
- एक सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार (CG 04 OC 4577)
- दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन
- एक आईफोन
जब्त किया है।
NDPS एक्ट के तहत जेल भेजे गए आरोपी
दोनों तस्करों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की एंड-टू-एंड जांच जारी है। एसपी रजनेश सिंह ने जांच टीम को गांजे की सप्लाई चैन और नेटवर्क का वित्तीय विश्लेषण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
बिलासपुर पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी या संलिप्त संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो, तो तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
