
बलरामपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते सड़कें बदहाल हो गई हैं और इसका खामियाजा अब जान-माल को भुगतना पड़ रहा है। बलरामपुर जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक किराना सामान से भरी ट्रक फिसलकर गागर नदी में जा गिरी। सौभाग्य से चालक और परिचालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
खराब सड़क और बारिश बनी हादसे की वजह
यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-343 की है, जो अंबिकापुर से रामानुजगंज को जोड़ता है। ट्रक अंबिकापुर से कुसमी की ओर जा रही थी। तेज बारिश और कीचड़ से भरी सड़क पर ट्रक फिसल गया और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते ट्रक नदी में गिर गई।
चालक-परिचालक सुरक्षित
ट्रक में सवार ड्राइवर और हेल्पर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। मौके पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने पहुंचकर राहत कार्य किया।
बारिश से बिगड़े हालात: रायपुर से अंबिकापुर तक जनजीवन प्रभावित
छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय होते ही अधिकांश जिलों में भारी बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में जलभराव के कारण लोग परेशान हैं, वहीं अंबिकापुर में झमाझम बारिश से घरों में पानी घुस गया है।
रायपुर में जलभराव, ड्रेनेज सिस्टम फेल
रायपुर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया है। शहर की ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अंबिकापुर में हालात और गंभीर
पिछले 24 घंटे से अंबिकापुर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई वाहन आधे पानी में डूबे हुए नजर आए। नगर निगम की लापरवाही को लेकर नागरिकों में गुस्सा है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
राज्य प्रशासन ने सभी जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क कर दिया है। नदी-नालों और पुलों के पास लोगों को जाने से सख्त मना किया गया है।
