
रायपुर,न्यूज़ धमाका :-प्रदेश में वन विभाग के कर्मचारी पिछले 20 दिनों से हड़ताल पर हैं। इससे जंगल में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। वन्यजीवों से लेकर वनस्पतियों को भी इससे काफी नुकसान पहुंच रहा है। इसलिए वन विभाग अब कर्मचारियों पर एस्मा लगाने की तैयारी कर रहा है।
वन विभाग हड़ताल समाप्त करने के लिए सोमवार को अरण्य भवन से नोटिस जारी कर दो दिन का समय देगा। उसके बाद भी यदि वन कर्मचारियों की हड़ताल खत्म नहीं हुई तो एस्मा लगा दिया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश भर के करीब दस हजार वन कर्मचारी अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर 21 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। प्रदेश भर के कर्मचारी अपने-अपने जिला मुख्यालय में धरना दे रहे हैं, जबकि वन कर्मचारियों की सात मांग पूरा हो चुकी है।
बाकी मांगों के लिए सहमति बन गई है, लेकिन उसके लिए कैबिनेट से हरी झंडी मिलने के बाद ही मंजूर होगी, लेकिन हड़ताल पर गए कर्मचारी मांग पूरी करने के लिए विभाग से लिखित में आदेश की मांग कर रहे हैं। लिखित में आदेश न मिलने के कारण उनकी हड़ताल जारी है।