
बिलासपुर,न्यूज़ धमाका :- इंटरनेट मीडिया में अश्लील वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने के अलग-अलग मामलों में आरोपित बैंककर्मी और कपड़ा व्यवसायी को पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार की सुबह पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपितों को जेल भेज दिया।
तोरवा थाना क्षेत्र में रहने वाली 39 वर्षीय महिला ने कपड़ा व्यवसायी शंकर जीवनानी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की थी। महिला ने बताया कि जान पहचान का फायदा उठाकर व्यवसायी ने उसकी तस्वीर हासिल की। छेड़छाड़ कर उसे अश्लील बना दिया। फिर तस्वीर को इंटरनेट मीडिया में प्रसारित करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
आरोपित ने जेवर और महंगा मोबाइल भी खरीदने को मजबूर किया। शिकायत पर पुलिस ने सोमवार की रात आरोपित शंकर जीवनानी को गिरफ्तार किया। मंगलवार की सुबह उसे न्यायालय में पेश किया गया। एक अन्य मामले में सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली महिला ने बैंककर्मी राजीव श्रीवास्तव पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि जन्मदिन की पार्टी के दौरान आरोपित ने उसे नशीला कोल्डड्रिंक पिला दिया था। इसके बाद दुष्कर्म कर इसका वीडियो बना लिया। वीडियो को उसने महिला के पति और उसकी सहेली के मोबाइल पर भेज दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।