छतीसगढ़दुर्ग

हत्या का खुलासा: दोस्त ही निकला हत्यारा, शराब पीने के दौरान विवाद में सिर पर पत्थर मारकर की गई हत्या

दुर्ग न्यूज धमाका – धमधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाताघर्रा में मजदूर मानसिंह वल्के की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। घटना का मुख्य आरोपी कैलाश बिसेन मृतक का करीबी दोस्त और साथ में काम करने वाला मजदूर निकला। पैसों के लेन-देन और शराब के नशे में दोनों के बीच हुआ विवाद, एक जानलेवा वारदात में बदल गया।


पत्थर से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई की शाम करीब 7 बजे, ग्राम जाताघर्रा और कन्हारपुरी के बीच स्थित एक निर्माणाधीन पुल के पास बनी झोपड़ी में कैलाश और मानसिंह शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। बात बढ़ी तो हाथापाई शुरू हो गई। तभी आरोपी कैलाश ने वहीं पास पड़े बोल्डरनुमा पत्थर से मानसिंह के सिर के पीछे जानलेवा वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद आरोपी हुआ था फरार

हत्या के बाद कैलाश मौके से फरार हो गया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी व स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच शुरू की। संदेह की सुई मानसिंह के साथी बालाघाट निवासी कैलाश बिसेन की ओर गई, जो घटना के दिन से ही गायब था।


पूछताछ में कबूली हत्या की बात

पुलिस ने जब कैलाश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वे दोनों झोपड़ी में साथ रहते थे और पुल निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। विवाद के दौरान वह खुद को काबू नहीं रख पाया और मानसिंह की हत्या कर दी।


पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा

पुलिस ने आरोपी कैलाश बिसेन के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


SP और थाना प्रभारी ने सराहा टीम का कार्य

धमधा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी ने टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अपराध के हर पहलू की गहराई से जांच की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!