
रानीतराई,न्यूज़ धमाका :-दक्षिण पाटन के ग्राम बेह्लारी में स्थानीय मुख्य चौक में छत्रपति शिवाजी महाराज की संगमरमर से निर्मित भव्य प्रतिमा का अनावरण जय शिवाजी जय भवानी के गगनचुम्बी नारों के मध्य दुर्ग सांसद विजय बघेल ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में किया।
इस दौरान यहां करीब पचास लाख की लागत से बनने वाली पेयजल टंकी निर्माण एवं पाइप लाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन भी किया। स्थानीय बाजार चौक के पास आयोजित समारोह में सांसद विजय बघेल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारतीय संस्कृति और राष्ट्र प्रेम के एक अद्वितीय प्रेरणास्रोत हैं। देश में स्वराज की अलख जगाने वाले शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम का हर कोई लोहा मानता है। स्व धर्म के प्रति समर्पण और अन्याय के खिलाफ उनका आजीवन संघर्ष हमें हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
ऐसे महापुरूष की मूर्ति लगाकर बेह्लारीवासियों ने उन्हें उत्कृष्ट श्रद्घांजलि दी है। सांसद बघेल ने आगे कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जल जीवन मिशन के तहत हर गांवों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत गांवों में पानी टंकी का निर्माण और हर घर मे नल और उसमें जल की व्यवस्था किया जा रहा है।
इसके पूर्व उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने पंचायत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए ग्राम विकास की योजनाओं को मूर्त रूप देने जनप्रतिनिधियों से सहयोग की मांग की।
कार्यक्रम अध्यक्ष भाजपा नेता लालेश्वर साहू ने कहा कि एक महान योद्घा एवं प्रशासक के तौर पर शिवाजी महाराज का योगदान अतुलनीय है। जामगांव आर कालेज के पूर्व अध्यक्ष नरेश केला, सोसायटी अध्यक्ष रामकुमार चंद्राकर, तेजेन्द्र पिपरिया, भाजयुमो नेता नारद साहू, खेमलाल देशलहरे, कमलेश साहू, टेसराम साहू, अमित अग्रवाल, सनत शर्मा भी अतिथि आसंदी पर मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन लेखनारायन जारके ने किया।



