इंदौरमध्यप्रदेश

इंदौर में अग्निकांड बीती रात भीषण आग,विजय नगर क्षेत्र में एक बिल्डिंग में आग लगने से छह पुरुष और एक महिला की हुई मौत

इंदौर,न्यूज़ धमाका :-मध्य प्रदेश के इंदौर में बीती रात भीषण अग्निकांड हो गया। यहां विजय नगर क्षेत्र में स्वर्णबाग कालोनी की एक बिल्डिंग में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह पुरुष और एक महिला शामिल है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विजय नगर थाना क्षेत्र की दो मंजिला बिल्डिंग में देर रात तीन बजे भीषण आग लगी थी।

सूचना मिलते ही आला अधिकारी और फायर ब्रिगेड के वाहन मौके पर पहुंचे। जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों के नाम इश्वर सिंह सिसोदिया, नीतू सिसोदिया, आशीष, गौरव और आकांक्षा है, दो मृतकों के नाम का पता नहीं चल पाए हैं। घायलों के नाम फिरोज, मुनिरा, विशाल प्रजापति, अरशत और सोनाली पवार है, जिनका एमवाय अस्पताल में इलाज जारी है।

बिल्डिंग में रहने वाले सभी किराएदार थे। शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई गई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर हादसे में मृत लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। एफएसएल और एमपीइबी की टीम मौके पर जांच करने पहुंचे और यहां से पैनल निकाला।

घटनास्थल को किया गया सील

दो मंजिला बिल्डिंग में आग से सात लोगों की मौत की घटना के बाद बिल्डिंग को सील कर दिया गया है। फारेंसिक विभाग की टीम जांच के लिए सुबह ही मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस जांच कर रही है कि आग कैसे लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्रा, विधायक महेंद्र हार्डिया मौके घटनास्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने वहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर मनीष सिंह भी एमवाय अस्पताल में घायलों के हालचाल जानने हॉस्पिटल पहुंचे।

पड़ोस में बन रहा था घर, तीन दिन पहले ही यहां पहुंचे थे

खबरों के अनुसार रात को बिजली गुल हो गई थी, लेकिन जब बिजली आई तो पार्किंग के मीटर में आग लग गई थी। मृतकों में एक दंपती भी शामिल है, जो तीन दिन पहले ही यहां शिफ्ट हुए थे। इस दंपती का पडोस में ही मकान बन रहा था, इसलिए उन्होंने यहां पर किराए से मकान लिया था।

फायर ब्रिगेडकर्मी के अनुसार हमें रात करीब तीन बजे सूचना मिली कि विजय नगर की स्वर्णबाग कालोनी में दो मंजिला भवन में आग लगने की सूचना मिलने के बाद तुरंत टीम रवाना हो गई थी। यहां आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, लेकिन कुछ लोगों की मौत हो चुकी थी। माना जा रहा है कि बिल्डिंग के पार्किंग में लगे मीटर में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। यह आग वाहनों में लग गई, जिससे इसने विकराल रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में छात्रों के साथ ही परिवार भी रहते थे।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!